शिमला, 22 जून : भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय महिला मोर्चा की 21 सदस्यों की कार्यकारिणी घोषित की है। देश भर से इस कार्यकारिणी में महज 21 महिलाओं को शामिल किया गया है। खास बात यह है कि हिमाचल से राज्य सभा सांसद इन्दू गोस्वामी को भी इस टीम में बतौर राष्ट्रीय महामंत्री शामिल किया गया है।

इसके अलावा अहम बात ये है कि राष्ट्रीय महामंत्री तीन महिलाओं को ही बनाया गया। इसमें गोस्वामी की ताजपोशी हुई है। लाजमी तौर पर केंद्र में सत्तारूढ़ राजनीतिक दल की महिला मोर्चा की कार्यकारिणी में गोस्वामी की ताजपोशी कई मायनों में अहम है। बताया जा रहा है कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की सहमति के बाद टीम का ऐलान हुआ है।
बता दें कि सांसद इन्दू गोस्वामी एक बार धूमल सरकार के कार्यकाल में महिला आयोग की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। नजरें इस बात पर टिकी हैं कि राष्ट्रीय महिला मोर्चा की महामंत्री बनने के बाद वो भाजपा में महिलाओं को जोड़ने के लिए क्या रणनीति अपना पाती हैं।