मंडी, 21 जून : हिमाचल प्रदेश में एक लोकसभा और 2 विधानसभा के उपचुनाव होने हैं। इसको लेकर सूबे की दोनों प्रमुख पार्टियों ने कमर कसना शुरू कर दिया है। इसी के चलते सोमवार को मंडी में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर भाजपा किसान मोर्चा की एक बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डाक्टर राकेश शर्मा ने की। इस बैठक में किसान मोर्चा कुल्लू मंडी व सुंदर नगर के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में संगठन को लेकर व किसानों के मसलों को लेकर अहम चर्चा की गई। बैठक के उपरांत आयोजित एक प्रेस वार्ता में किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि बैठक में प्रदेश में होने वाले उपचुनावों को लेकर चर्चा की गई। इसके साथ ही आने वाले विधानसभा 2022 के चुनावों को लेकर भी गहन चर्चा की गई।
राकेश ने बताया कि किसान मोर्चा हर बूथ पर किसान प्रहरी नियुक्त कर दिए हैं। जो सरकार और प्रदेश के किसानों के बीच में एक कड़ी का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार किसान हितों के कार्य कर रही है। जिसके चलते निश्चित तौर पर 2022 में हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी, जिसमें किसान मोर्चा अपनी अहम भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा द्वारा 25 जून से 6 जुलाई तक हर मंडल स्तर पर वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाएगा, जिसमें लोगों को पर्यावरण संरक्षण के बारे में जागरूक किया जाएगा। राकेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश में किसानों को मक्की की फसल के अच्छे नहीं मिलते हैं इसके लिए किसान मोर्चा द्वारा सरकार से पत्राचार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह पहली बार संभव हुआ है जब केंद्र सरकार की ओर से एक लाख करोड़ करोड़ रूपए का बजट किसानों के लिए मूलभूत सुविधाओं में सुधार के लिए जारी किया गया है। उसी प्रकार हिमाचल प्रदेश में जयराम सरकार ने 197 करोड़ रूपए मंडियों के सुधार के लिए जारी किए हैं। वहीं 25 करोड़ की लागत से शिमला के पास कोल्ड स्टोर बनाने की प्रक्रिया जारी है, जो प्रदेश का पहला कोल्डस्टोर होगा।
इस अवसर पर किसान मोर्चा प्रदेश सचिव विरेंद्र ठाकुर, जिला अध्यक्ष रमेश जम्वाल व जिला महामंत्री बलवीर गुलेरिया के अलावा सभी मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री तथा जिला पदाधिकारी मौजूद रहे।