ऊना, 21 जून : गगरेट पुलिस के पास भैंसे गुम होने का मामला आया है। भैंसों के मालिक ने पुलिस से भैंसे ढूंढ़कर देने की गुहार लगाई है। वैसे तो ये नया मामला नहीं है, पुलिस के पास ऐसी शिकायतें आती है। थाना गगरेट में शायद पहली बार भैंस ढूंढ कर देने की गुहार लगाई गई है।
गगरेट निवासी सुदर्शन ने बाकायदा एक शिकायत पत्र थाना गगरेट में दिया है, जिसमे उसने 12 जून को अपनी भैंस गुम होने की शिकायत की है। उसने ये भी मांग की है कि भैंस को ढूंढने में जल्द से जल्द कोशिश करें और इसके लिए मीडिया की मदद भी ले। शिकायत पत्र के अनुसार सुदर्शन की दो भैंस व एक भैंस का बच्चा गुम है।
भैंस की शिकायत सिर्फ पुलिस में ही नहीं दी गई, बल्कि स्थानीय लोगों से भी मदद की गुहार लगाई गई है और बकायदा इनाम राशि भी 1000 रुपए रखी गई है। पुलिस भी असमंजस में है कि पुलिस भैंसों को कैसे ढूंढे, क्योंकि भैंस की पहचान के लिए कोई भैंस का चित्र भी नही है न ही संबंधित थानों से गुमशुदगी की सूचना सांझा की जा सकती है। क्योंकि भैंस की पहचान उसका मालिक ही कर सकता है। ऐसे में पुलिस भैंस की पहचान कैसे करे अब ये यक्ष प्रश्न है।
हालांकि पुलिस फिर भी भरोसा दिला रही है कि भैंस को ढूंढने के लिए प्रयास किए जाएंगे। डीएसपी सृष्टि पांडे ने बताया कि थाना गगरेट में शिकायत आई है शिकायत के आधार पर मवेशियों की तलाश की जाएगी।