सुंदरनगर, 20 जून : मंडी जिला के विधानसभा क्षेत्र में भाजपा सरकार द्वारा किए गए शिलान्यास पट्टिकाएं तोड़ने के मामले में आरोप लगने पर अब कांग्रेस पार्टी भी सामने आ गई है। इस आरोप को पूर्व विधायक सोहन लाल ठाकुर ने पूरी तरह से नकार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का शिलान्यास पट्टिकाओं को तोड़ने की सभ्यता नहीं है। भाजपा अपनी अंदरूनी कलह के कारण ही आपस में भिड़ रही है। इसी कारण कई जगह शिलान्यास पट्टिका तोड़ी हुई पाई गई हैं।
पूर्व विधायक सोहन लाल ठाकुर ने आरोप लगाया है कि शिलान्यास पट्टिका तोड़ना कोई पहली घटना नहीं है। जब भाजपा सत्ता में आई थी तो उसी दौरान भाजपा के लोगों द्वारा कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए शिलान्यास व उद्घाटन की गई, दर्जनों पट्टिकाओं को तोड़ा गया था। इसकी कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस में शिकायत भी दर्ज की गई थी, लेकिन इसके बावजूद भी आज तक स्थानीय पुलिस आरोपियों को पकड़ नहीं पाई, जो बहुत ही शर्मनाक बात है।
भाजपा के ही शासन काल में भाजपा की शिलान्यास पट्टिका टूटना हैरानी की बात है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में भाजपा कार्यकर्ताओं की अंदरूनी कलह के कारण शिलान्यास पट्टिकाएं टूट रही है और कांग्रेस पार्टी का इस तरह का कल्चर नहीं है।