मंडी, 15 जून : घास काटने गई 60 साल की बुजुर्ग महिला का तेंदुए से सामना हो गया। एक तरफ तेंदुआ था तो दूसरी तरफ बुजुर्ग महिला। जैसे ही दोनों आमने-सामने हुए तो तेंदुआ कुछ कर पाता, इससे पहले ही महिला ने हाथ में पकड़ी दराटी को हिलाकर जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया।
घटना मंडी जिला के धर्मपुर उपमंडल के तहत आने वाली लौंगणी पंचायत के हुक्कल गांव की है। यहां आज सुबह कुछ महिलाएं घास काटने का कार्य कर रही थी। इतने में तेंदुए ने यहां दस्तक दे दी। सबसे पहले तेंदुए का सामना 60 वर्षीय बर्फी देवी के साथ हुआ। तेंदुए ने बुजुर्ग महिला पर हमला किया और उसके हाथ को जख्मी कर दिया। लेकिन बुजुर्ग महिला ने हिम्मत नहीं हारी और दराटी हाथ में लेकर उसका डटकर मुकाबला किया।
इतने में वहीं पर मौजूद अन्य महिलाएं भी हरकत में आई और जोर-जोर से चिल्ला कर तेंदुए को भगाने में जुट गई। सावित्री नाम की एक अन्य महिला बर्फी देवी के साथ खड़ी होकर तेंदुए का मुकाबला करने लग गई। चिल्लाने की आवाजें सुनकर गांव के लोग भी मौके पर पहुंचे और तेंदुए को वहां से भगा दिया। इसके बाद घायल बर्फी देवी को सरकाघाट अस्पताल ले जाया गया जहां पर उसका उपचार चल रहा है। महिला के साहस की चारों ओर खूब प्रशंसा हो रही है।
वहीं इसकी सूचना वन विभाग धर्मपुर के अधिकारियों को भी दी गई और पुलिस थाना धर्मपुर को भी सूचित कर दिया है। डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने मामले की पुष्टि की है।