शिमला, 13 जून : आईजीएमसी में भर्ती पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। वह अस्पताल के कोविड वार्ड में दाखिल हैं। बेटे विक्रमादित्य ने वीरभद्र सिंह के साथ फोटो फेसबुक पर शेयर किया है।
विक्रमादित्य सिंह ने फेसबुक पर लिखा है कि माँ भीमाकाली और आप सभी के दुआओं से वीरभद्र सिंह की स्थिति में सुधार हैं और वह जल्द पूरी तरह से ठीक होंगे। इस पोस्ट को वीरभद्र सिंह के आधिकारिक फेसबुक पेज पर भी पोस्ट किया गया है।
छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह के प्रदेश भर में लाखों चाहने वाले हैं, और वे उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। आईजीएमसी के एमएस डॉक्टर जनक राज ने बताया कि वीरभद्र सिंह की स्थिति में सुधार हो रहा है। उनकी रक्त की जांच और अन्य मानक शुगर, बीपी, ऑक्सीजन बेहतर स्थिति में है।
बता दें कि आईजीएमसी के छह विभागों के कंसल्टेंट वीरभद्र सिंह के स्वास्थ्य पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। दो दिन पहले 11 जून को वीरभद्र सिंह की कोरोना रिपोर्ट दोबारा पॉजिटिव आने से उनके स्वास्थ्य को लेकर शुभचिंतक परेशान हो रहे थे। 86 वर्षीय वीरभद्र सिंह पिछले डेढ़ माह से आईजीएमसी में भर्ती हैं। इससे पहले 12 अप्रैल को भी उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। तब उन्होंने 10 दिन में कोरोना को मात दी थी।