हमीरपुर, 13 जून : पुलिस चौकी अवाहदेवी के हिम्मर की एक नाबालिग लड़की ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। लड़की के आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। लड़की को एक वृद्ध दंपती ने गोद लिया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हिम्मर गांव के 82 वर्षीय वृद्ध विचित्र सिंह ने इस लड़की को बचपन में ही गोद ले लिया था।
परिवार में वृद्ध दंपती और लड़की ही रहते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार खुश था। लेकिन शनिवार सुबह लड़की ने अपने घर के कमरे में ही फंदा लगाकर जान दे दी। इससे हर कोई स्तब्ध है। वहीं, परिजनों ने जब लड़की का शव लटका हुआ देखा तो चीख पुकार शुरू कर दी।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी ज्ञान चंद का कहना है कि लड़की के आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।