सोलन, 12 जून : शुक्रवार रात पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन की झूठी अफवाह पर पुलिस में मामला दर्ज हो गया है। नगर निगम के डिप्टी मेयर राजीव कुमार कोंडा व पार्षद सरदार सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ है। इसके मुताबिक शुक्रवार रात सोशल मीडिया में झूठी पोस्ट डाल दी गई कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कोरोना से जंग हार गए हैं।
शिकायतकर्ताओं ने कहा कि इस झूठी पोस्ट के बाद समूचे प्रदेश में अराजकता का माहौल पैदा हो गया। साथ ही जनता में रोष भी पनप गया। बता दें कि शिकायत में पोस्ट करने वाले को नामजद भी किया गया है। डिप्टी मेयर व पार्षद ने अपनी शिकायत में लिखा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह जी स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। उल्लेखनीय है कि सोशल मीडिया में झूठी अफवाह फैलने के बाद समूचे प्रदेश से प्रतिक्रियाएं आना शुरू हो गई थी। यहां तक कि पूर्व मुख्यमंत्री के अपने आधिकारिक फेसबुक से भी स्वास्थ्य लाभ लेने की बात लिखी गई थी।