संगड़ाह, 12 जून : नौहराधार तहसील में शुक्रवार देर रात को ग्राम चाड़ना में भारी तूफान की धंगु राम पुत्र स्वर्गीय किकरू के मकान की छत उड़ गई। छत उड़ने के साथ साथ घर की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। घर का सामान भी तहस नहस हो चुका है। मध्य रात्रि को तेज तूफान आया तो परिवार अंदर ही घर में सो रहा था।
गनीमत यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, वह जल्दी से अपनी पत्नी को घर से बाहर निकाल कर ओबरे में चले गए, जहां इन्होंने रात गुजारी। दंपति गरीबी रेखा से बहुत नीचे गुजर बसर कर रहा है। खेती योग्य जमीन भी नहीं है, साथ ही कोई देख-रेख करने वाला भी नहीं है। इनके पास 4 बेटियां है, जिनकी शादी हो चुकी है। पत्नी लंबी बीमारी के कारण एक साल से बिस्तर पर है, जो चलने फिरने में भी असफल है।
इस आपदा के बाद उन्हें एक पशु के ओबरे में रखा गया है। जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच कर हर संभव सहायता कर रहे है। इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को भी भेज दी गई है।