शिमला, 12 जून : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। आईजीएमसी में भर्ती 86 साल के वीरभद्र सिंह कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे हैं। पिछले कल उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिससे उनके चाहने वाले चिंता में डूब गए हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना कर रहे हैं।
वीरभद्र सिंह दो माह में दूसरी बार कोरोना से संक्रमित हुए हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एक ट्वीट में कहा, “वीरभद्र सिंह के कोरोना संक्रमित होने का समाचार हम सबके लिए चिंताजनक है। वीरभद्र सिंह जल्द पूर्ण स्वस्थ हों, देवभूमि के सभी देवी-देवताओं से मैं ऐसी प्रार्थना करता हूँ।”
उधर, आईजीएमसी प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक वीरभद्र सिंह की स्थिति में सुधार हो रहा है। उनका ऑक्सिजन लेवल 96% है, वहीं उनका बीपी और शुगर भी नियंत्रण में है। डॉक्टर उनके स्वास्थ्य पर कड़ी नजर रखे हुए हैं।