शिमला, 12 जून : हिमाचल प्रदेश में बीती मध्यरात्रि के बाद अचानक बदले मौसम के मिजाज ने जहां एक ओर गर्मी से राहत दी तो दूसरी ओर आफत भी टूट पड़ी। तेज आंधी-तूफान व गरज-चमक के साथ बारिश भी हुई। अंधड़ 20-25 मिनट चला, जिससे कई जगह घरों के टीनशेड उड़ गए और बिजली भी गुल हो गई।
अंधड़ ने अप्पर शिमला में सेब बगीचों पर कहर बरपाया। अंधड़ की रफ्तार का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि ठियोग, कुमारसेन और चौपाल सहित अन्य क्षेत्रों में सेब के दर्जनों पौधे जड़ से उखड़ गए हैं। सेब के साथ स्टोन फ्रूट को भी भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि राज्य में कहीं से भी जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।
आधी रात के बाद मौसम का ये रूप देखकर लोग दंग रह गए। माना जा रहा है कि प्री मानसून के दस्तक देने से प्रदेश में मौसम के मिजाज में बदलाव आया है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिन राज्य के मैदानी और पर्वतीय इलाकों में धूल भरी अंधड़ के साथ जोरदार बारिश होने की चेतावनी दी है। इसे लेकर 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो सूबे में इस बार मानसून समय से पहले दस्तक दे सकता है।