ऊना, 7 जून : हिमाचल के ऊना में जोल के तहत चौकी मन्यार में 55 वर्षीय विद्युत कर्मी की पोल से नीचे गिरने के चलते मौत हो गई है। मृतक की पहचान शाम कुमार पुत्र रत्न चंद निवासी सलूरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि काम करते हुए विद्युत कर्मी को करंट लग गया। पुलिस ने शव का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं मामले को लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक सब डिवीजन चौकी मन्यार में लाइनमैन के पद पर तैनात था। जानकारी के मुताबिक शाम कुमार सोमवार सुबह चौकी मन्यार में काम करने गया हुआ था। इस दौरान बिजली के पोल पर चढ़कर काम कर रहा था। काम करते हुए शाम कुमार अचानक नीचे गिर गया। साथी कर्मी व स्थानीय लोगों की मदद से शाम को सिविल अस्पताल ऊना ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
जोल चौकी इंचार्ज रमेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच मेें करंट लगने का पता चल पाया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।