पांवटा साहिब, 5 जून : नन्हें बच्चे अक्सर ही जन्मदिवस के मौके पर खिलौनों या फिर मनचाही वस्तु की डिमांड करते हैं, मगर शहर की एक नन्हीं बेटी की जिद कुछ अलग थी। वो अपना जन्मदिवस पुलिस अंकल के साथ मनाना चाहती थी। एंड्रायड के जमाने में नन्हें बच्चे भी इस बात को बखूबी समझ रहे हैं कि कोविड संकट में पुलिस वाॅरियर के तौर पर कार्य कर रही है।
पहली कक्षा में पढ़ने वाली आराध्या राणा ने बिजली बोर्ड में कार्यरत पिता हेमराज राणा से अपनी इच्छा जाहिर की। इसके बाद डीएसपी वीर बहादुर ने बच्ची की सोच व पिता के आग्रह को स्वीकार कर लिया। शनिवार को नन्हीं आराध्या बेहद ही खुश थी, क्योंकि उसे पुलिस अंकल के साथ जन्मदिन का केक काटने का मौका मिल गया था। इस दौरान नन्हीं आराध्या ने कोरोना वाॅरियर्स के लिए एक छोटी कविता भी पेश की।
उधर, पिता हेमराज राणा ने पुलिस प्रशासन का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि पुलिस के कारण ही हम आज महफूज हैं। वैश्विक महामारी में जान की परवाह किए बगैर पुलिस कर्मियों ने बेहतरीन सेवाएं दी हैं।