ऊना, 05 जून: सदर थाना के तहत चरतगढ़ में जमीनी विवाद को लेकर ससुर ने अपनी बहू व पोते पर दराट से हमला कर दिया। हमले में घायल मां-बेटा को क्षेत्रीय अस्पताल से गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया है। वहीं पुलिस ने पति के बयान दर्ज कर मामले को लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं आरोपी ससुर को भी पुलिस ने काबू में ले लिया है।
शनिवार दोपहर बाद 35 वर्षीय ज्योति अपने दो वर्षीय बेटे राम व पति के साथ अपने पुराने घर जा रही थी। पति महेश कुमार आगे चल रहा था। इसी दौरान कुछ दूरी पर महेश कुमार के पिता विशन ने बहू ज्योति व पोते राम पर दराट से हमला कर दिया।
हमले में मां व बेटे गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए, जिन्हें पति व स्थानीय लोगों की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया, प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हालत नाजुक होने की वजह से पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि ससुर ने बहू पर कई बार हमला किया, जिसके चलते शरीर के करीब आधा दर्जन हिस्से पर गहरे जख्म आए हैं, जबकि 2 वर्षीय किशोर के गले पर कट लगा है।
थाना प्रभारी ऊना सर्वजीत सिंह ने बताया कि पुलिस मामले को लेकर जांच कर रही है। दोनों को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया है। वहीं आरोपी व्यक्ति को काबू कर लिया है।