हमीरपुर, 3 जून : हिमाचल पुलिस ने नादौन के चामुंखा गांव के रहने वाले मृदुभाषी एवं कर्मठ योद्धा को खो दिया है। वो बनगढ़ में बतौर इंस्पेक्टर तैनात थे। पुलिस की टुकड़ी ने वीरवार को गार्ड ऑफ ऑनर देकर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। डीएसपी जसवीर सिंह ठाकुर एवं डीएसपी ज्वालामुखी तिलक राज की मौजूदगी में महेंद्र सिंह राणा को श्रद्धांजलि दी गई।
महेंद्र सिंह करीब डेढ़ माह से बीमार चल रहे थे। उन्होंने 2023 में सेवानिवृत होना था, परंतु बीमारी को देखते हुए उन्होंने वीआरएस अप्लाई किया था, जो इसी माह के लिए मंजूर किया गया था। उनके निधन पर क्षेत्र में शोक की लहर है। वे नादौन सहित विभिन्न पुलिस थानों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। लोगों से उनके बहुत ही अच्छे सौहार्दपूर्ण संबंध रहे हैं। राणा अपने पीछे मां, पत्नी व एक बेटा छोड़ गए हैं। जबकि बड़े बेटे का करीब 2 साल पहले बीमारी के चलते निधन हो गया था। जिससे महेंद्र सिंह को झटका लगा था और उसके बाद वे संभल नहीं पाए।
हिमाचल के डीजीपी सहित कमांडेंट आकृति शर्मा के अलावा विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू, एचआरटीसी के वाइस चेयरमैन विजय अग्निहोत्री ,कांग्रेस नेता सुरेंद्र सिंह मनकोटिया, पंचायत प्रधान मुकेश कुमार उर्फ हीरू उप प्रधान विनोद कुमार, राजेंद्र सिंह संगला, समाज सेवक जगबीर सिंह, भाजपा नेता विनोद शर्मा, पंचायत प्रधान विपिन कुमार, उप प्रधान वीरेंद्र ठाकुर अश्विनी कुमार सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उनके निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है।