शिमला, 02 जून : हिमाचल सरकार ने अतिरिक्त मुख्य सचिव स्तर के चार आईएएस अधिकारियों के विभागों में फेरबदल किया है, वहीं प्रधान सचिव स्तर के कुछ आईएएस को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इस संबंध में बुधवार शाम को अधिसूचना जारी की गई है। इसके तहत प्रदेश बिजली बोर्ड के अध्यक्ष का जिम्मा संभाल रहे अतिरिक्त मुख्य सचिव (एमपीपी, पावर, एनसीईएस एंड इंडस्टरी) राम सुभाग सिंह अब अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन, श्रम एवं रोजगार और उद्योग) होंगे।
अतिरिक्त मुख्य सचिव (कृषि, पशुपालन और मत्स्य) निशा सिंह को दिल्ली में हिमाचल सरकार का सलाहकार (स्वास्थ्य) लगाया गया है। उन्हें अतिरिक्त मुख्य सचिव (वन) का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व) आरडी धीमान जो वन एवं भाषा व संस्कृति का अतिरिक्त दायित्व संभाल रहे हैं, वे अब अतिरिक्त मुख्य सचिव (एमपीपी, पावर और एनसीईएस) होंगे। धीमान को हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड के चेयरमैन भी बनाया गया है। इसके अलावा वह अतिरिक्त मुख्य सचिव (भाषा, कला व संस्कृति) का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे।
प्रधान सचिव (परिवहन, श्रम एवं रोजगार, पर्यावरण, विज्ञान व तकनीक) केके पंत को प्रधान सचिव (राजस्व) लगाया गया है। वह प्रधान सचिव (पर्यावरण, विज्ञान व तकनीक) का कार्यभार भी जारी रखेंगे। प्रधान सचिव (जनजातीय विकास) ओंकार चंद शर्मा को प्रधान सचिव (बागवानी) का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। सचिव (स्वास्थ्य व परिवार कल्याण और बागवानी) अमिताभ अवस्थी अब सचिव (स्वास्थ्य व परिवार कल्याण और आयुर्वेद) होंगे।
सचिव (आयुर्वेद, तकनीकी शिक्षा, और प्रिंटिंग व स्टेशनरी) अजय कुमार शर्मा को सचिव (तकनीकी शिक्षा, कृषि, प्रिंटिंग व स्टेशनरी) लगाया गया है। सचिव (युवा सेवाएं व खेल) एसएस गुलेरिया जो कांगड़ा मंडलायुक्त का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे हैं, वे अब सचिव (मत्स्य) का कार्यभार भी देंखेगे। निदेशक उद्योग हंस राज शर्मा अब सचिव (पशु पालन ) का कार्यभार भी संभालेंगे।