पांवटा साहिब, 1 जून: शहर के बद्रीपुर इलाके में बेहद ही शर्मनाक घटना सामने आई है। 70 साल की बुजुर्ग महिला के साथ रेप करने के दौरान मारपीट भी की गई। इस वारदात में पुलिस ने हरियाणा के यमुनानगर के 37 वर्षीय ट्रक ड्राइवर सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित बुजुर्ग महिला के शरीर पर चोटों के निशान भी हैं।
प्रारंभिक छानबीन में पता चला है कि बीती रात बुजुर्ग महिला के बेटे के साथ ही आरोपी ने उसी के क्वार्टर में शराब पी थी। सुबह के वक्त पीड़ित महिला का बेटा कहीं चला गया। इसके बाद ट्रक ड्राइवर ने वारदात को अंजाम दिया। हालांकि वो वारदात को अंजाम देने के बाद भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन हल्ला होने पर आसपास के लोगों ने उसे दबोच लिया। इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। फिलहाल पुलिस ने आईपीसी की धारा-376 में मामला दर्ज किया है।
इसके अलावा मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद मारपिटाई से जुड़ी धाराओं को भी शामिल किया जा सकता है। एमबीएम न्यूज से बातचीत में पांवटा साहिब के डीएसपी वीर बहादुर ने कहा कि पीड़ित महिला उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की रहने वाली है। वो कुछ अरसे से कमरा किराए पर लेकर अपने बेटे के साथ रह रही थी। उन्होंने माना कि महिला से मारपीट करने की भी जानकारी है। चोटों के निशान मिले हैं।