सोलन, 31 मई : महिला थाना में एक विधवा महिला ने एक व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर शारीरिक उत्पीड़न करने के आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार महिला कंडाघाट की रहने वाली है। महिला के पति का देहांत हो चुका है। वह सोलन में अपने दो बेटो के साथ रह रही है और टिफिन का कार्य कर रही है। जिसके चलते महिला की मुलाकात आरोपी से हुई।
आरोपी ने इससे तीन वक्त का खाने का टिफिन लगाया, जिसका यह 2000 रुपए प्रति माह लेती थी। आरोपी और उक्त महिला का आपस में संबंध काफी गहरा हो गया और इसने अपनी जिंदगी के बारे में सब कुछ आरोपी को बता दिया। आरोपी ने इसे आश्वासन दिया कि वह इससे शादी कर लेगा व इसके दोनों बच्चों को अपना नाम देगा।
आरोपी ने इसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए, परंतु एक दिन बताया कि यह किसी अन्य स्त्री से विवाह कर रहा है। महिला ने आरोपी को काफी समझाने की कोशिश की, परंतु वह कुछ भी सुनने को तैयार न था।
महिला ने कहा कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि किसी अन्य स्त्री की जिंदगी बर्बाद न कर सके। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।