नाहन, 31 मई : हिमाचल की पांवटा साहिब पुलिस ने नशे के खिलाफ जबरदस्त स्ट्राइक की है। बड़ी कामयाबी में पुलिस ने 303 किलो 56 ग्राम गांजा बरामद किया है। इसे नॉर्थ ईस्ट( त्रिपुरा) से लाया गया था। एनडीपीएस में गांजे की इसे सबसे बड़ी बरामदगी माना जा रहा है।
बरामद खेप की बाजार में कीमत 3 करोड़ हो सकती है। हिमाचल में इससे पहले इतनी मात्रा में गांजा बरामद नहीं किया गया।
एसपी केसी शर्मा, डीएसपी वीर बहादुर व पुरुवाला थाना प्रभारी विजय रघुवंशी की तिकड़ी की बदौलत यह सफलता अर्जित हुई है। सूत्रों का यह भी कहना है कि एसपी व डीएसपी इस बड़ी स्ट्राइक को अंजाम देने के मकसद से रविवार को पूरी रात नहीं सोये, सुबह तक कार्रवाई को अंजाम दिया जाता रहा।
सोमवार तड़के करीब 2:40 पर शिवपुर में पुलिस ने एक ट्रक (HP-17E-8213) को नाकाबंदी के दौरान रोका। तलाशी लेने पर पुलिस ने 31 पार्सलनुमा बैग बरामद किए। इन्हे सेलो टेप से अच्छी तरह से सील किया गया था।
खोलने पर पुलिस उस समय दंग रह गई। जब इसमें बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। मामले में पुलिस ने भगाणी इलाके के रहने वाले 32 वर्षीय यूसुफ अली, 43 साल के कादर अली व 30 वर्षीय शाहिद अली को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि हिमाचल में गांजे की इतनी बड़ी खेप पहले बरामद नहीं हुई है।
हालांकि साफ तौर पर कीमत को लेकर आंकलन नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद गांजे की कीमत 3 करोड़ तक भी हो सकती है। साल 2021 में पांवटा साहिब पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ तीन बड़े प्रहार किए हैं।
पांवटा साहिब थाना के तहत 450 किलो चूरा पोस्त बरामद किया गया था, जबकि माजरा पुलिस ने 850 किलो चूरा पोस्त बरामद करने में सफलता अर्जित की। इसके बाद अब पुरुवाला थाना तहत पुलिस ने 303 किलो 56 ग्राम गांजा बरामद किया है। बताया जा रहा है कि ख़ुफ़िया नेटवर्क की बदौलत पुलिस को ये बड़ी कामयाबी मिली है।
अब पुलिस को यह जानने की आवश्यकता है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा को लाने का क्या मकसद था, इसकी सप्लाई कहां की जानी चाहिए थी। उधर एमबीएम न्यूज नेटवर्क से बातचीत में पावंटा साहिब के डीएसपी वीर बहादुर ने पुष्टि करते हुए कहा कि 303 किलो 56 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। ट्रक में सवार तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही ट्रक को भी कब्जे में लिया गया है। उन्होंने माना कि रात भर कार्रवाई चलती रही।
कीमत का आकलन
बताते हैं कि मुंबई में सुशांत प्रकरण के बाद गांजा की डिमांड काफी है। हालांकि इस बरामदगी में मुंबई से तार जुड़ते नजर नहीं आए हैं। अलबत्ता जानकारों का यह कहना है कि बाजार में गांजा एक लाख प्रति किलो तक बिकता है। इस तरीके से समझा जाए तो बरामद गांजे की कीमत तीन करोड़ तक हो सकती है।
दीगर है कि नशा माफिया द्वारा पाउच बनाकर गांजे को बेचा जाता है। इस तरीके से भी अंदाजा लगाया जा सकता है कि पुलिस द्वारा बरामद गए गए गांजे की कीमत करोड़ों में ही है।