नाहन,21 मई : हिमाचल निर्माता डॉ वाईएस परमार की पुत्रवधू उमा परमार का शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज में निधन हो गया। वो 82 वर्ष की थी। इसे संयोग ही कहा जायेगा कि हिमाचल निर्माता डॉ. वाईएस परमार के नाम से स्थापित मेडिकल कॉलेज में ही उनकी पुत्रवधू ने अंतिम सांस ली। दिवंगत उमा परमार डॉ. वाईएस परमार के बेटे जयपाल परमार की पत्नी थी। उमा परमार पिछले करीब 10 दिन से उपचाराधीन थी। शुक्रवार को हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया।

शुक्रवार दोपहर बाद पैतृक गांव बागथन में अंतिम संस्कार कर दिया गया। दिवंगत उमा परमार का बेटा आनंद परमार वर्तमान में पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के नारग वार्ड से जिला परिषद सदस्य हैं। इसके अलावा उमा परमार की दो पुत्रियां देविका परमार व प्रतिका परमार के अलावा परिवार में नाती का एक पूरा परिवार है। नाहन व पांवटा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे चुके कुश परमार की भाभी उमा परमार बागथन के चरपड़ी में परिवार सहित रहती थी। आरंभ में उमा परमार ने हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में बतौर नर्स भी सेवाएं दी। दोपहर बाद बागथन के श्मशान घाट पर क्षेत्र के लोगों ने अश्रुपूर्ण विदाई के साथ अंतिम संस्कार किया।
उधर हिमाचल निर्माता डॉ वाईएस परमार की पुत्रवधू उमा परमार के निधन पर हिमाचल सरकार के ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, विधायक डॉ राजीव बिंदल, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कवर अजय बहादुर सिंह, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अजय सोलंकी,शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, हिमाचल प्रदेश सिविल सप्लाई कारपोरेशन के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर,पांवटा साहिब के पूर्व विधायक किरनेश जंग चौधरी, विधायक रीना कश्यप, कांग्रेस मंडल नाहन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट जग्गी शर्मा आदि लोगों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।