संगड़ाह, 21 मई : सिरमौर की रेणुका जी तहसील के पहले ग्रेजुएट बहादुर सिंह तोमर ने संसार को त्याग दिया है। बीती देर शाम वह कोविड-19 से जंग हार गए। होमगार्ड के डिप्टी कमांडेंट के पद से सेवानिवृत्त हुए बहादुर सिंह तोमर जनपद की एक नामी शख्सियत थी।
मूलतः कोटि धीमान के रहने वाले तोमर ने अपने राजनीतिक जीवन में रेणुका भाजपा मंडल के अध्यक्ष पद पर भी अपनी सेवाएं दी थी।
होमगार्ड में सेवाओं के दौरान कई बार अनुकरणीय सर्विस के लिए अलंकृत भी किए गए। होमगार्ड में अपना करियर शुरू करने से पहले नाहन की जिला अदालत में भी बतौर एडवोकेट भी प्रैक्टिस की।
शांत व मिलनसार स्वभाव के बहादुर सिंह तोमर का बेटा जगपाल सिंह तोमर इस समय संगड़ाह कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर तैनात है। शिक्षाविद व समाजसेवी अमर सिंह चौहान ने कहा कि वह अक्सर ही सबकी मदद करने के लिए तत्पर रहते थे। इसका उदाहरण देते हुए अमर सिंह चौहान ने कहा कि 60 के दशक में वह मंडी में तैनात थे। इस दौरान उनकी मदद के लिए आगे आए थे। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।