रिकांगपिओ, 20 मई : बीते रात से समूचा किन्नौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के साथ मध्यम व निचले क्षेत्रों में जमकर बारिश हो रही है। प्रशासन ने भी एडवाइजरी जारी कर लोगों को अनावश्यक घरों से बाहर न जाने की हिदायत दी है। जनपद में मौसम करवट से एनएच 5 कई स्थानों पर अवरुद्ध हो गया। वीरवार प्रातः करीब 3 बजे से टापरी के निकट पागल नाला में ल्हासा गिरने से हाईवे कई घंटे अवरुद्ध रहा। इसी जगह सुबह के समय अचानक चलता वाहन ल्हासा की चपेट में आ गया, इस से वाहन को क्षति हुई।

गनीमत रही कि वाहन में सवार किसी को भी चोट नही लगी। बार-बार गिर रहे ल्हासा को हटाने के लिए एनएच प्राधिकरण द्वारा मशीनरी तैनात की गई है जो हाईवे अवरुद्ध होने पर मार्ग को बहाल कर रही है। इसी तरह पांगी नाला सहित खारो के मध्य भी पहाड़ियों से पत्थरो के गिरने से सड़क मार्ग अवरुद्ध हो रहा है।
अवरुद्ध मार्गों को भी खोलने के लिए बीआरओ का कार्य जारी है। इसी तरह दर्जनों संपर्क सड़क मार्गो पर भी ल्हासे व पत्थरों के गिरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। ताउते का ही असर है कि किन्नौर का पर्यटन स्थल छितकुल, नाको, गंग्युल वेली सहित आसरंग व नेसंग आदि इलाकों में बारी बर्फबारी पड़नी शुरू हो गई है। इस समय इन क्षेत्रों में करीब 2 से 4 इंच के ताजा बर्फ दर्ज किया जा रहा है। आसरंग व नेसंग आदि क्षेत्रों में तो इन दिनों में सेब की फ्लावरिंग पूरे यौवन पर है। सेब की फ्लावरिंग पर भी बर्फबारी प्रतिकूल असर भी डाल सकता है। बागवानों की चिंता बढ़ा दी है।