नाहन,11 मई : शहर के परचून व थोक के नामी व्यापारी अश्विनी गर्ग उर्फ बबली भाई के आकस्मिक निधन से शोक की लहर है। नगर परिषद के पूर्व पार्षद कपिल गर्ग (मोंटी) के पिता के निधन की सूचना शहर में बीती रात ही आग की तरह फैल गई थी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बबली भाई का निधन चंडीगढ़ में हार्ट अटैक की वजह से हुआ। देर रात ही पार्थिव देह को पैतृक घर पहुंचा दिया गया था। हाल ही में पुत्र वधू रितिका गर्ग ने वार्ड नंबर 8 से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद का चुनाव जीता था।
दिवंगत अश्विनी गर्ग (64) की अपनी एक अलग पहचान थी। हंसमुख व सौम्य स्वभाव के अश्विनी गर्ग हर वक्त सबकी मदद के लिए तैयार रहते थे। अगली पीढ़ी में बेटे कपिल गर्ग ने भी एक अपनी अलग पहचान बनाई है।
दिवंगत अश्विनी गर्ग के बड़े भाई अमृतलाल गर्ग की भी शहर में एक विशेष पहचान रही है। वो लंबे अरसे तक नगर परिषद में पार्षद के साथ-साथ अन्य पदों पर भी सेवा देते रहे। इसके अलावा कांग्रेस मंडल में कोषाध्यक्ष के पद पर भी रहे।
उधर पारिवारिक जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह ही अंतिम संस्कार करने का फैसला लिया गया था। इसी बीच अश्वनी गर्ग के निधन पर व्यापार मंडल सहित कई संगठनों ने गहरा शोक प्रकट किया है। व्यापारियों ने कहा कि शहर ने बाजार का एक हीरा खो दिया है।