शिमला, 5 मई : हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व सांसद सुरेश कश्यप की कोरोना रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। सोशल मीडिया में कश्यप के जल्द स्वस्थ होने को लेकर कामना की जा रही है। एमबीएम न्यूज नेटवर्क से बातचीत में अध्यक्ष ने कहा कि इससे पहले वो 10 बार कोविड टैस्ट करवा चुके थे, लेकिन हर बार रिपोर्ट नेगेटिव आई।

चूंकि जनता की सेवा में लगातार कार्यरत रहना पड़ रहा है, लिहाजा हल्की खांसी पर नाहन मेडिकल काॅलेज में दोबारा सैंपल लिए गए। जिसमें रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि डाॅक्टर्स की निगरानी में स्वयं को आइसोलेट किया है। सांसद ने गत दिनों संपर्क में आए लोगों से भी सावधानी बरतने व जांच करवाने का आग्रह किया है।
दीगर है कि वैश्विक महामारी में भाजपा अध्यक्ष लगातार सक्रिय रहे हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री के पैतृक जिला सिरमौर के मुख्यालय में भी जनहित को लेकर मौजूद रहे थे। सांसद ने कहा कि उन्होंने नाहन आवास पर खुद को आइसोलेट किया है। वो जल्द ही स्वस्थ होकर जनता की सेवा में लौटेंगे। भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही राज्य के 6 स्थानों पर नए ऑक्सीजन प्लांट लगाए जा रहे हैं।
बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वो बिलकुल ठीक हैं। ऑक्सीजन लैवल भी सही है, साथ ही बुखार नहीं है। केवल मामूली खांसी की ही दिक्कत है। दीगर है कि सिरमौर भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता की भी कोविड रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है।