शिमला, 04 मई : हिमाचल प्रदेश में रुक रुक कर हाे रही बारिश और बर्फबारी ने लाेगाें काे गर्मी के इस मौसम में सर्दी का एहसास दिला दिया है। राजधानी शिमला और आसपास के क्षेत्रों में रूक रूक कर हाे रही बारिश से ठंड काफी बढ़ गई है। बारिश से यहां के तापमान में छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

शिमला का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से गिर कर 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। प्रदेश के अन्य क्षेत्राें के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। सुंदरनगर का अधिकतम तापमान 25, भुंतर का 27, धर्मशाला का 26, सोलन का 28, मनाली का 19, कुफरी का अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम विभाग ने आने वाले पांच दिनों में मौसम के इसी तरह खराब बना रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान प्रदेश में सभी जगह तेज तूफान, ओलावृष्टि और पहाड़ों पर बर्फबारी होने का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के मैदानी और कम ऊंचाई वाले क्षेत्राें में 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से प्रदेश में तेज तूफान और भारी ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग की इस चेतावनी ने किसानों बागवानों की चिंता काे बढ़ा दिया है। 9 और 10 मई को प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में माैसम साफ रहेगा, वहीं मध्यम से ऊंचाई वाले क्षेत्राें में बारिश बर्फबारी की संभावना जताई गई है।