ऊना, 03 मई : उपमंडल अंब के सुंकयाली में पति व सास द्वारा लगाई गई आग में झुलसी महिला की पीजीआई में मौत हो गई है। मृतक महिला की पहचान शारदा देवी उर्फ़ मीना पत्नी, विनोद कुमार निवासी सुंकयाली के रूप में हुई है।
पुलिस की माने तो रविवार सुबह शारदा देवी रसोई घर में मौजूद थी, तो आग की चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस गई। जिसे अंब अस्पताल के बाद क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया। जहां पर पुलिस को दिए बयान में पीड़ित महिला ने आरोप लगाए कि सास व पति ने मिट्टी का तेल फेंक कर आग लगा दी।
महिला ने बताया था कि रसोई में कुंडी लगाकर वारदात को अंजाम दिया गया है। क्षेत्रीय अस्पताल से महिला को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया, लेकिन महिला की रास्ते में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी पति व पीड़िता तलाकशुदा थे और करीब 2 साल पूर्व दोनों की दूसरी शादी हुई थी।
डीएसपी अंब सृष्टि पांडेय ने बताया कि महिला को पीजीआई चंडीगढ़ ले जाते ही रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी सास उषा देवी व पति विनोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। बता दे कि महिला के 90 फीसदी झुलस जाने की बात सामने आई थी, लिहाजा उस के बच पाने की उम्मीद काफी कम थी।
उधर महिला की मौत के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। वारदात में पति व सास की गिरफ्तारी तय मानी जा रही है।