कुल्लू, 03 मई : कोरोना महामारी के चलते देव कारज पर लगी बंदिशों से नाराज शैला देवता ब्रह्मा रायसन क्षेत्र उपायुक्त के कार्यालय पहुंचे। देवता ने नाराजगी व्यक्त की और आयोजनों पर लगाई बंदिशें तुरंत प्रभाव से हटाने को कहा है। करीब एक घंटे तक देवता उपायुक्त कार्यालय के बाहर रहे। इस दौरान देवता उपायुक्त कार्यालय के भीतर प्रतीक्षा कक्ष में जा पहुंचा।

देवता के गुर को इस दौरान देव खेल आई और कहा कि देवताओं के लिए सरकार बंदिशें लगा रहे हैं, जो ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि ढालपुर में कुष्ठ काहिका का आयोजन किया जाए। इस दौरान एसडीएम प्रशासन की ओर से उपस्थित हुए और देवलुओं के साथ बात की।
देवता ने इस दौरान प्रशासन की ओर से बंदिशें नहीं लगाने को कहा और यह भी कहा कि बीमारी पर देवता स्वयं नियंत्रण पाएंगे।