ऊना, 30 अप्रैल : कोविड़ का यह संकट एक दूसरे की मदद का है। जहां अनेक लोग समाज में मददगार बन रहे हैं। वहीं जिले भी एक दूसरे के मददगार साबित हो रहे हैं। कांगड़ा में जिस प्रकार से कोविड़ मामलों में उछाल आया, उसके चलते ऊना अब कांगड़ा की मदद के लिए आगे आया है।

ऊना के कोविड-19 अस्पताल हरोली में कांगड़ा के 11 रोगी शिफ्ट किए गए हैं, जो कि हरोली कोविड-19 अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। जिस प्रकार से कांगड़ा में रोगियों की संख्या में उछाल आया है। ऐसे में कांगड़ा में व्यवस्थाएं कुछ कम पड़ी, तो इसके लिए ऊना की मदद भी ली गई है और ऊना जिला प्रशासन ने सहर्ष से कांगड़ा को मदद दी है। ऐसा नहीं है कि जिला ऊना ही कांगड़ा का मददगार बन रहा है, बल्कि ऊना के अनेक रोगी भी कांगड़ा के टांडा मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए लगातार जा रहे हैं। ऐसे में ये जिले भी आपस में कोविड-19 में सहयोग व मदद का सबक सिखा रहे हैं।
जिला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमन कुमार ने कहा कि जिलाधीश कांगड़ा राकेश प्रजापति ने जिलाधीश ऊना राघव शर्मा के साथ से संपर्क किया है और उनके आदेश के बाद कांगड़ा के रोगियों के लिए 20 बेड आरक्षित किए गए हैं। बेड संख्या भी बढ़ाई जा रही है, ताकि भविष्य में और जरूरत पड़े तो मदद की जा सके। जिलाधीश कांगड़ा राकेश प्रजापति ने कहा कि यह दौर थोड़ा मुश्किल है और यहां हमें हर व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधा पहचानी है।
उन्होंने कहा कि जिला ऊना प्रशासन का सहयोग भी लिया गया है और कुछ रोगियों को जिला ऊना में भेजा जा रहा है और उन्हें बेहतर इलाज मिल रहा है। वहीं जिलाधीश ऊना राघव शर्मा ने कहा कि हमारे पास से बेड कैपेसिटी है और हम सुविधा प्रदान कर सकते हैं, इसके लिए कांगड़ा जिला के आग्रह को स्वीकार किया गया है और हम और अधिक बेड कैपेसिटी बढ़ाने पर भी काम कर रहे हैं।