मंडी , 29 अप्रैल : सुकेत सर्व देवता कमेटी के प्रधान डॉ. अभिषेक सोनी तथा उप प्रधान आचार्य रोशन शर्मा इन दिनों देवभूमि करसोग के प्राचीन देवी देवताओं के मंदिरों का इतिहास तथा वहां विराजमान देवता व उनके गुणों की जानकारी प्राप्त करने के लिए करसोग नगरी में पहुंचे हैं। इस कार्य में देवी देवताओं के मंदिरों के इतिहास एवं देव संस्कृति के बारे में जानकारी जुटाई जा रही हैं। इस देव यात्रा के दौरान उन्होंने पाया कि प्राचीन कालीन से सभी मंदिरों का संबंध सीधा सतयुग त्रेतायुग तथा द्वापर युग से है यहां पर इनके प्रत्यक्ष प्रमाण भी मिलते हैं।

देवभूमि करसोग की धरा पर देवी-देवताओं के मंदिरों तथा यहां के रमणीय स्थल भी मौजूद हैं जो कि सांस्कृतिक पर्यटन के क्षेत्र में अहम भूमिका भी निभा सकते हैं। इस यात्रा के दौरान उन्होंने इन स्थानों के गांव को संस्कृति पर्यटन के साथ जोड़ने का प्रयास किया हैं तथा इसी उद्देश्य के साथ उन्होंने वीरवार को करसोग के जिला परिषद तथा भाजपा महामंत्री बिहारी लाल शर्मा से वार्तालाप की तथा अपने उद्देश्यों को उनके समक्ष विस्तार पूर्वक प्रकट किया।
बिहारी लाल शर्मा ने उनकी इस यात्रा का स्वागत किया तथा करसोग क्षेत्र के इन छुपे देवी देवताओं की संस्कृति को उजागर करने के प्रयास को सराहा। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही करसोग क्षेत्र के इन प्राचीन देवालय के साथ लगते रमणीय स्थलों को सांस्कृतिक पर्यटन के साथ जोड़ेंगे तथा इसके लिए माननीय मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बात करेंगे उन्होंने कहा कि वे जल्द ही हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग के साथ भी इन क्षेत्रों का दौरा करेंगे।