शिमला, 28 अप्रैल : हिमाचल के कोटखाई क्षेत्र में भीषण अग्निकांड में 6 परिवारों के आशियाने राख के ढेर में तबदील हो गए। अग्निकांड में एक बुजुर्ग महिला की जिंदा जलने से मौत हो गई।
घटना राजधानी से करीब 70 किलोमीटर दूर कोटखाई के फनैल गांव की है। बीती रात करीब 2.00 बजे लगी आग ने पांच-छह घरों को जमींदोज कर दिया। फायरमैन इंचार्ज केसर सिंह ने कहा कि उन्हें आग लगने की सूचना सुबह करीब 3.00 बजे मिली जिसके बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे तथा आग को नियंत्रण में लाया गया।
उन्होंने कहा कि एक 70 वर्षीय महिला आग के मलबे के नीचे दब गई और उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि आग लगने और नुकसान के नुकसान का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।

पुलिस के मुताबिक हादसे में प्रभुदयाल, बिमला देवी, राजेश, जयलाल, देवी सिंह व जयकिशन के आशियाने पूरी तरह से राख हो गए हैं। हादसे में बिमला देवी अपने घर के अंदर ही फंस गई, जिन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
रात करीब अढ़ाई बजे की घटना पर सुबह 10 बजे तक भी काबू नहीं पाया जा सका था। गांव में सड़क न होने की वजह से फायर ब्रिगेड भी नहीं पहुंच पाई। इस घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आगजनी में मकानों के राख होने और वृद्ध महिला की मौत पर दुख जताया है। ट्वीट सन्देश में मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को फौरी राहत प्रदान करने के आदेश दिए गए हैं।
इस बीच, स्थानीय विधायक नरेंद्र बरागटा ने भी आग की घटना पर दुख व्यक्त किया और प्रभावित परिवारों को मदद का आश्वासन दिया है।