शिमला, 26 अप्रैल : पुलिस के पीओ सैल ने 14 साल पहले हत्या करने वाले को उसकी असल जगह पहुंचा दिया है। वैश्विक महामारी के बीच भी खाकी अपने सामान्य दायित्व को भी बखूबी अंजाम दे रही है। पीओ सैल ने 38 साल के भगौड़े जोगा सिंह पुत्र अजायब सिंह को पंजाब के मोगा से गिरफ्तार किया है।

एक जुलाई 2007 को उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 201, 328 व 34 आईपीसी के अलावा एमवी एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। पीओ सैल की टीम में हैड कांस्टेबल अमित ने हत्यारे की गिरफ्तारी को लेकर कड़ी मेहनत की। इसी की बदौलत उसे गिरफ्तार किया जा सका।
14 साल पहले पंजाब से युवाओं का एक ग्रुप कल्याणी हैलीपैड पर गाड़ियों में डीजे चलाकर मस्ती कर रहा था। इसी दौरान एक स्थानीय युवक भी पंजाबी गाने पर डांस करने लगा। तैश में आकर पंजाब के पर्यटकों ने पहले उसे जमकर पीटा, बाद में गाड़ी चढ़ाकर उसकी हत्या कर दी थी।
इस जघन्य अपराध में 5-6 आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया जा चुका था, लेकिन जोगा सिंह लगातार 14 सालों से पुलिस के हाथों से बचने में सफल हो रहा था। आखिर में उसे खाकी ने दबोच लिया है। साफ नजर आ रहा है कि जब आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया था, उस समय उसकी उम्र 24 साल थी। एसपी मोहित चावला ने पुष्टि की है।