नाहन, 25 अप्रैल : हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों को अभी तक मार्च माह का वेतन नहीं मिला हुआ है। अप्रैल माह का 25 तारीख बीत जाने के बाद भी हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारी अभी तक अपनी मार्च महीने की तनख्वाह का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन अभी तक प्रशासन द्वारा उन्हें मार्च माह का वेतन नहीं दिया गया है, जिसके कारण पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों को अपना घर और दिनचर्या का खर्चा चलाना बहुत ही मुश्किल हो चुका है।

हर महीने की हर एक तारीख को मिलने वाला वेतन 25 तारीख बीत जाने तक भी नहीं मिला है। कर्मचारियों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों से उन्हें रात्रि भत्ता भी नहीं दिया जा रहा है। न ही अतिरिक्त भत्ता दिया गया है। निगम के कर्मचारी अपनी सेवाएं 8 घंटे से ज्यादा देते हैं, जिसका उन्हें अतिरिक्त समय भत्ता मिलता है।
कर्मियों ने हिमाचल पथ परिवहन निगम के एमडी, मंत्री व मुख्यमंत्री से जल्द से जल्द वेतन जारी करने व अतिरिक्त भत्तों को उपलब्ध करवाने की गुहार लगाई है।