सोलन, 25 अप्रैल : औद्योगिक कस्बे नालागढ़ में नवनिर्मित मेकशिफ्ट अस्पताल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मरीजों को सप्लाई के दौरान ऑक्सीजन लीक हो गई। इस कारण 20 के करीब ऑक्सीजन सिलेंडर भी खाली हो गए। ये घटना, शुक्रवार को उस समय हुई, जब दो क्रिटिकल हालत में दाखिल मरीजों को ऑक्सीजन देने की तैयारी हो रही थी।

रिसाव से उपजे हालात के बीच तुरंत ही मरीजों को ईएसआई काठा में शिफ्ट किया गया। हालांकि देश में ऑक्सीजन को लेकर हाहाकार मचा हुआ है, लेकिन हिमाचल में ऑक्सीजन का संकट नहीं हैै। अलबत्ता गंभीर बीमारियों से त्रस्त मरीजों के उपचार में खामियों की पोल जरूर खुल रही है। मेकशिफ्ट अस्पताल में मरीजों को दाखिल किया गया है। 29 वर्षीय पुरुष व 32 वर्षीय महिला को अस्पताल लाया गया था। लेकिन रिसाव के कारण ऑक्सीजन नहीं दी जा सकी।
सांस लेने की समस्या से जूझ रहे मरीजों को आईजीएमसी या एमएमयू शिफ्ट करने की भी तैयारी हो रही थी। ऑक्सीजन आपूर्ति बाधित होने पर तुरंत ही उन्हें काठा शिफ्ट किया गया। काठा में तुरंत ही दोनों मरीजों को वेंटिलेटर उपलब्ध करवा दिया गया। बता दें कि मेकशिफ्ट अस्पताल को क्रियाशील करने के मकसद से चार चिकित्सकों की भी नियुक्ति की गई है।
नालागढ़ के बीएमओ केडी जस्सल ने माना कि तकनीकी दिक्कत की वजह से समस्या पैदा हो गई थी। तुरंत ही क्रिटिकल हालत में मरीजों को काठा में उपचार उपलब्ध करवा दिया गया है। उन्होंने ये भी माना कि रिसाव की वजह से 20 सिलेंडर खाली हो गए।