नाहन, 25 अप्रैल: रविवार को ऐतिहासिक शहर के लिए बेहद ही दुखद खबर आई है। नगर परिषद पूर्व अध्यक्ष रेखा तोमर का निधन हो गया है, वह चंद दिनों से निजी अस्पताल में दाखिल थी।
सामान्य ट्रीटमेंट के लिए उनका कोरोना टेस्ट किया गया था, रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल में दाखिल कर लिया गया था। हालांकि उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार आ रहा था, लेकिन रविवार सुबह अचानक ही तबीयत बिगड़ गई। दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।
राजनीतिक पारी शुरू करने से पहले दिवंगत रेखा तोमर एक शिक्षिका रही। लंबे अरसे तक शिक्षा की अलख जगाती रही। मौजूदा नगर परिषद में करीब ढाई साल के कार्यकाल में बतौर चेयरपर्सन उन्होंने शहर के विकास के लिए कई अहम कार्य किए।
उल्लेखनीय है कि दिवंगत रेखा तोमर ने जनवरी 2019 में नगर परिषद की कमान बतौर चेयरपर्सन संभाली थी। जीवन के अंतिम पड़ाव तक सक्रिय रही।
80 की उम्र हो जाने के बावजूद भी शहर में सक्रिय रहा करती थी। सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहने वाले बेटे विशाल तोमर भी शहर में परिचय के मोहताज नहीं है, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष के निधन की खबर पूरे शहर में आग की तरह फैल गई साथ ही शहर में शोक की लहर पैदा हो गई।
बता दें कि पूर्व चेयरपर्सन को यूएसए की सिटीजनशिप भी मिली हुई थी, लेकिन उन्होंने कभी भी अपने पैतृक शहर को छोड़ने का फैसला नहीं लिया। एक बेटा व बेटी अमेरिका में सेटल हैं, जबकि एक बेटी ददाहू में विवाहित है।
पुत्रवधू मोना भी शहर में सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती है। दिवंगत रेखा तोमर ने अपने पोते व पोती को भी उच्च संस्कार दिए हैं। उधर भाजपा में भी दिवंगत रेखा तोमर के निधन पर शोक की लहर है।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप व पूर्व स्पीकर डॉ राजीव बिंदल ने गहरा शोक जताया है। अंतिम समाचार के मुताबिक दिवंगत रेखा तोमर का कोरोना प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार किया जा रहा था।
उधर नाहन भाजपा मंडल के मीडिया प्रभारी धीरज गर्ग ने कहा कि कोविड-19 के प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार किया जा रहा है।