शिमला , 23 अप्रैल : हिमाचल के 6 बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह (87) ने 10 दिन के भीतर ही कोरोना से जंग जीत ली है। 13 अप्रैल को पूर्व सीएम की रिपोर्ट पाॅजिटिव आई थी। इसके बाद उन्हें मोहाली के मैक्स अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया था। विधायक बेटे विक्रमादित्य सिंह की रिपोर्ट भी पाॅजिटिव थी।

शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री के पुनः सैंपल लिए गए थे। इसमें उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। फेसबुक पोस्ट में विधायक बेटे विक्रमादित्य सिंह ने लिखा कि मां भीमाकाली के आशीर्वाद व आपकी दुआओं की वजह से वीरभद्र सिंह की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। स्वास्थ्य में काफी सुधार हुआ है। चिकित्सकों की सलाह के बाद जल्द ही शिमला लौटेंगे।
इसमें कोई दो राय नहीं है कि राजनीति में लंबी पारी खेलने वाले वीरभद्र सिंह आज भी लाखों दिलों में राज करते हैं। हर कोई उनकी सलामती व जल्द स्वस्थ होने की दुआ मांग रहा है। 23 जून 1934 को जन्में वीरभद्र सिंह ने 1962 में राजनीतिक जीवन शुरू किया था। 59 सालों से राजनीति में एक्टिव रहे हैं।