शिमला, 22 अप्रैल : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के युवा नेता व पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने राज्य में बढ़ते कोविड मामलों को लेकर एक सराहनीय प्रयास किया है। शर्मा ने प्रशासन को अपने निजी घर को डेडिकेटेड कोविड-19 अस्पताल में निशुल्क तब्दील करने की पेशकश की है। इस बाबत शर्मा ने प्रशासन को एक लिखित पत्र भी सौंपा है।

पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को भी इस बारे जानकारी दी है। शर्मा ने पत्र में कहा कि उनके निजी आवास पर तमाम सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसमें 50 बैडिड अस्पताल को संचालित किया जा सकता है। बता दें कि राजनीतिक क्षेत्र में किसी राजनेता द्वारा पहली बार ऐसी कोशिश की गई है। यह साफ तौर पर जाहिर होता जा रहा है कि कोरोना की दूसरी लहर बेहद ही खतरनाक है।
राज्य सरकार की मशीनरी को धरातल पर ठोस तरीके से रणनीति बनानी होगी। इसी के चलते कोविड-19 की लहर से राज्य को सुरक्षित रखा जा सकता है। इसके अलावा सरकार को धरातल पर तेजतर्रार अफसरशाही की भी आवश्यकता है। शर्मा ने पत्र में यह भी कहा है कि अगर प्रशासन सहमत है तो वह 10 दिन के भीतर तमाम सुविधाओं को उपलब्ध करवा देंगे।
शर्मा ने मरीजों के लिए फ्रूट-खाना इत्यादि भी उपलब्ध करवाने की बात कही है। उधर कांगड़ा के उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा कि उन्हें पत्र प्राप्त हुआ है। आवश्यकता पड़ने की स्थिति में ही कोई फैसला लिया जाएगा।