हमीरपुर, 21 अप्रैल : हिमाचल पथ परिवहन निगम हमीरपुर ने दिल्ली का एक और रूट बंद कर दिया है। दिल्ली में लॉकडाउन के चलते ही रूट को बंद किया गया है। हालांकि निगम की बसें दिल्ली के अन्य रूटों पर रोजाना की तरह ही चलेंगी। ऐसे में यात्रियों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। बता दें कि कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए हाल ही में दिल्ली सरकार ने अपने राज्य में एक बार फिर लॉकडाउन लगा दिया है, लेकिन बस अड्डों को बंद नहीं किया गया है, ताकि लोगों को आने-जाने में किसी तरह की दिक्कत न झेलनी पड़े।
दिल्ली में लगे लॉकडाउन को देखते हुए हमीरपुर डिपो ने अपना संधोल-दिल्ली वाया कालाअंब रूट बंद कर दिया है। निगम की यह बस दोपहर 12 बजे हमीरपुर से पहले संधोल जाती थी, उसके बाद संधोल से शाम तीन बजे वाया कालाअंब नादौन होते हुए दिल्ली चलती थी। जो कि यात्रियों की कमी से भी जूझ रही थी। ऐसे में निगम ने उक्त रूट को तुरंत प्रभाव से बंद कर दिया है।निगम ने इससे पहले अवाहदेवी-दिल्ली वाया उखली बस रूट को यात्रियों की कमी के चलते बंद कर दिया था।
अब एक और बस रूट दिल्ली का बंद कर दिया गया है। हमीरपुर बस अड्डा से अब दिल्ली के लिए चार बस रूट चल रहे हैं। इनमें दो ऑर्डिनेरी, एक वोल्वो और एक सेमी डीलक्स बस शामिल है। निगम की मानें तो कोरोना महामारी के बाद 100 से अधिक रूट बहाल कर दिए थे, लेकिन दोबारा से कोरोना के केस बढ़ने से निगम के रूट प्रभावित होने शुरू हो गए हैं, जो कि चिंता का विषय है।
दिल्ली के लिए ये चल रहे रूट हमीरपुर से दिल्ली वाया धनेटा शाम 5:20 बजे, हमीरपुर से दिल्ली वाया भोटा शाम 6:30 बजे, हमीरपुर से दिल्ली वाया भोटा सेमी डीलक्स, शाम 7:30 बजे और हमीरपुर से दिल्ली वाया भोटा वॉल्वो रात नौ बजे रोजाना रूट पर चल रही।