शिमला, 21 अप्रैल : आम आदमी पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी एन के पंडित ने प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को आड़े हाथो लिया है। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो हिमाचल प्रदेश कर्जे और कोरोना में डूबा है और दूसरी तरफ प्रदेश के मुखिया जय राम ठाकुर को नए हेलीकॉप्टर से पिकनिक मनाने की ऐसी कौन सी मजबूरी है ?
पंडित ने कहा कि एक तरफ तो हिमाचल सरकार बार-बार कर्जे कि बैसाखियों के सहारे चली है और दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश के लाट साहब नए हेलीकॉप्टर का एक घंटे का किराया 5.10 लाख देने पर तुले हुए हैं। इससे हिमाचल के लाखो टैक्सपेयर या करदाताओं के पैसो कि धज्जियाँ उड़ाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि अब तक मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के पास 6 सीटर चौपर प्रति घंटा 2 लाख किराए पर मौजूद था। फिर ऐसी क्या मजबूरी आई कि 24 सीटर उड़न खटोला प्रति घंटा 5.10 लाख किराए पर लेना पड रहा है, जो कि रशिया से दिल्ली पहुंच गया है। आप प्रदेश मीडिया प्रभारी एन के पंडित ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि अपने नाम के साथ राम लगाने से कोई भगवान नहीं बन जाता।
उन्होंने मुख्यमंत्री पर चुटकी लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को ये याद रखना होगा कि अगर विधान सभा चुनाव में हमीरपुर से कांग्रेस विधायक राजिंदर राणा अगर धूमल को नहीं हराते तो आज जय राम मुख्यमंत्री नहीं होते। पंडित ने प्रदेश के मुखिया को एक्सीडेंटल मुख्यमंत्री कि संज्ञा दी। जय राम ठाकुर आज तक के सबसे कमजोर मुख्यमंत्री साबित हुए हैं।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी एनके पंडित ने कहा कि नगर निगम चुनाव में प्रदेश कि जनता ने भाजपा के मुंह पर करारा तमाचा मारा है। मुख्यमंत्री केवल अपने जिले तक ही सिमट कर रह गए हैं। शायद इस बात का प्रदेश के मुख्यमंत्री को आभास हो गया है। पंडित ने भाजपा सरकार व मुख्यमंत्री से उम्मीद जताई है कि वो प्रदेश में कोरोना से निपटने पर ध्यान देगी न कि नए हेलीकाप्टर पर।