नाहन, 17 अप्रैल : सिरमौर भी कोरोना की दूसरी लहर से अछूता नहीं है। एक अरसा पहले जहां एक्टिव मामलों की संख्या 10 के करीब पहुंच गई थी, वहीं ये आंकड़ा इस समय 598 है। शनिवार की रिपोर्टस बाकी हैं। शनिवार को शहर के निजी अस्पताल में बिहार के रहने वाले एक 29 साल के शख्स की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक मृतक के साथ कोई तीमारदार भी मौजूद नहीं था। सूचना मिलने के बाद नगर परिषद ने प्रोटोकाॅल के तहत मृतक का अंतिम संस्कार करवाया। दीगर है कि शुक्रवार को भी शहर की 65 वर्षीय महिला की कोरोना संक्रमण के कारण आईजीएमसी शिमला में मौत हो गई थी। सिरमौर में अब तक 4769 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। इसमें से अब 598 सक्रिय हैं।
जनपद में मृतकों का आंकड़ा 43 पहुंच चुका है। संभव है कि कई ऐसे मामलेे भी होंगे, जो सरकारी रिकाॅर्ड में दर्ज नहीं हैं। उधर, बीएमओ डाॅ. मनीषा अग्रवाल ने बताया कि निजी अस्पताल में 29 साल के शख्स की मौत होने की सूचना मिली थी। इसके बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार करवा दिया गया है।
उधर, अगर हिमाचल की बात की जाए तो इस समय 7587 एक्टिव केस हैं। 24 घंटे के भीतर 517 नए मामले सामने आए हैं।