ऊना, 16 अप्रैल : मुख्यालय में चंडीगढ़-धर्मशाला नेशनल हाईवे स्थित शराब कारोबारी के कार्यालय में 15 मार्च की सुबह करीब 8:15 बजे बंदूक की नोक पर 9 लाख रुपये की लूट की वारदात में पुलिस ने आधिकारिक तौर पर दो आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि कर दी है।
हालांकि एमबीएम न्यूज़ नेटवर्क ने पहले ही इस खबर का खुलासा कर दिया था लेकिन जुडी कई नई बातो का खुलासा पत्रकार वार्ता में हुआ। इसमें डीजीपी सहित शीर्ष अधिकारी भी वर्चुअल तरीके से मौजूद रहे। पत्रकार वार्ता में बद्दी के एसपी रोहित मालपानी भी मौजूद थे। बता दे कि ऊना व बद्दी पुलिस ने इंटर स्टेट गैंग का पर्दाफाश करने के लिए चंडीगढ़ में जॉइंट ऑपरेशन चलाया था।
मीडिया को बताया गया कि पुलिस ने इस लूट की वारदात में शामिल रहे दो युवकों समेत एक महिला को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने चंडीगढ़ में वारदात के आरोपियों को पकड़ने के दौरान किसी प्रकार की मुठभेड़ को अफवाह करार दिया है। फ़िलहाल पुलिस द्वारा आरोपियों से जुडी अधिक जानकारी सांझा नहीं की जा रही है।
आरोपियों को चंडीगढ़ के सेक्टर 49 स्थित एक फ्लैट से दबोचा गया। चंडीगढ़ से दबोचे गए आरोपियों से पुलिस से चार पिस्टल, 98 ज़िंदा कारतूस, 6 मोबाइल और दो लाख 28 हजार के करीब नकदी भी बरामद की है। पुलिस का दावा है कि यह आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह का एक हिस्सा है। गौरतलब है कि करीब 5 दिन पूर्व ही पुलिस ने पंजाब के खन्ना से लूट के आरोपियों को फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। जिसके रिमांड के दौरान पुलिस के हाथ काफी अहम सुराग लगे।
इसी आधार पर ऊना पुलिस ने बद्दी और चंडीगढ़ पुलिस की मदद से चंडीगढ़ के सेक्टर 49 स्थित उक्त फ्लैट में छापेमारी कर लूट की वारदात में शामिल रहे दो युवकों समेत एक महिला को धर दबोचा था। तीनों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। हालांकि पुलिस ने अभी इन आरोपियों के नाम और पते जाहिर नहीं किए हैं।
बताया जा रहा है कि आरोपी एक जगह टिक कर नहीं रहते थे, लगातार अपने ठिकाने बदलते रहते। लिहाजा उनका स्थाई नाम और पता मालूम किया जा रहा है। एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि इस मामले में आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां की जाएंगी।