शिमला, 15 अप्रैल : धर्मशाला और मंडी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की हार की गाज ब्लॉक कमेटियों पर गिरी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने धर्मशाला और मंडी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस सम्बंध में गुरुवार को आदेश जारी किए गए हैं।
इसके अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने धर्मशाला व मंडी नगर निगम के चुनावों में पार्टी की हार के कारणों पर जांच बिठा दी है। प्रदेश मामलों के सह प्रभारी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव, विधायक गुरकीरत सिंह को जांच का जिम्मा सौंपा गया है। उन्हें आगामी 10 दिनों के भीतर जांच कर आलाकमान को रिपोर्ट सौंपनी होंगी।
उल्लेखनीय है कि राज्य के चार नगर निगमों में हाल में चुनाव संपन्न हुए। सोलन और पालमपुर नगर निगमों में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज की, लेकिन धर्मशाला और मंडी में कांग्रेस को भाजपा से शिकस्त मिली। हालांकि कांग्रेस ने इन दोनों नगर निगमों में पार्टी की जीत का दारोमदार अपने वरिष्ठ नेताओं को सौंपा था।
कांग्रेस पार्टी ने धर्मशाला में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू और मंडी में पूर्व मंत्री जीएस बाली को चुनाव का प्रभारी बनाया था। लेकिन दोनों वरिष्ठ नेता पार्टी को जीत दिलाने में कामयाब नहीं हुए।