शिमला, 15 अप्रैल : नेरवा थाना के तहत टिक्करी गांव में गोली चलने से 33 वर्षीय व्यक्ति के घायल होने की खबर है। घटना, 14 अप्रैल की रात की हैं। टिक्करी के हिम नगर गांव के रहने वाले ललित कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ है।
पीड़ित के मुताबिक घर पर उसकी गूंगी बहन सुनीता साथ रहती है। रिश्ते में उसके चाचा पदम सिंह से पारिवारिक मतभेद लंबे अरसे से चल रहे हैं। वो अक्सर ही बहन को बिना बात के डांटते रहते हैं। इसी को लेकर वो बीती रात करीब 11 बजे उनके घर पर गया था। बहन को डांटने की वजह पूछी तो गाली गलौज करने लगा।
पीड़ित के मुताबिक जैसे ही वो चाचा के घर के निचली तरफ बरामदे में पहुंचा तो उन्होंने बंदूक से फायर कर दिया। इस कारण दाईं टांग पर चोट लगने से खून बहने लगा। इसकी सूचना तुरंत ही हाटीकोटी में रह रहे भाई प्रेम चौहान को दी। इसके बाद 108 की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की जानकारी पुलिस को रात अढ़ाई बजे के आसपास 108 के माध्यम से मिली थी। घायल को नेरवा में उपचार के बाद आईजीएमसी रैफर किया गया है। इसी बीच पुलिस ने हत्या की कोशिश का मामला आईपीसी की धारा-307, 323 व आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया है।