नाहन, 10 अप्रैल : बेशक ही सोलन नगर निगम के चुनाव के जादुई आंकड़े को कांग्रेस ने आरामदायक स्थिति में हासिल किया है, लेकिन कहते हैं राजनीति में हर तरीके से स्पष्टीकरण देने की भी गुंजाइश होती है। दरअसल, विधायक डाॅ. राजीव बिंदल ने बड़े रोचक तरीके से नतीजे को संतुलित करने का प्रयास किया है।
शुक्रवार को विधायक ने सोलन के मतदाताओं के नाम एक पत्र जारी किया। इसका मकसद तो आभार जताने का बताया गया, लेकिन इसमें अंकगणित भी जोड़ दिया गया। इसमें बिंदल ने कहा कि कांग्रेस के 9925 मतों की तुलना में भाजपा को 10,064 वोट हासिल हुए हैं। नगर निगम में 7 सीटें भाजपा की झोली में आई हैं। मगर चुनावी नतीजे की सच्चाई ये है कि बहुमत कांग्रेस को मिला है।
बीजेपी के सीएम कैंडीडेट प्रो. प्रेम कुमार धूमल को विधानसभा चुनाव में पटखनी देने वाले राजेंद्र राणा का कद बढ़ा है। हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि कांग्रेस के शीर्ष नेता हर्षवर्धन चैहान ने भी सही टिकटों के वितरण में अहम भूमिका निभाई थी। इस चुनावी नतीजे में दो बड़ी बातें भी सामने आई। पहली ये कि भाजपा ने बिंदल के नेतृत्व में चुनाव हारा।
दूसरी बात ये थी कि चुनाव प्रभारी के खासमखास नेता व बघाट बैंक के चेयरमैन पवन गुप्ता भी चुनाव हारे। वो अगर चुनाव जीतते तो कांग्रेस व भाजपा का स्कोर 8-8 का होता। ऐसी स्थिति में निर्दलीय प्रत्याशी ही मेयर व डिप्टी मेयर का फैसला करता। निर्दलीयों को जुटाने में सत्तारूढ़ राजनीतिक दल को प्लस प्वाइंट मिलता है।