सोलन, 10 अप्रैल : ढाणा स्थित एक सरिया उद्योग में गर्म लोहा गिरने से दो कामगारों की मौत हो गई, जबकि चार लोग बुरी तरह झुलस गए। यह हादसा गत रात साढ़े 11 बजे हुआ। पुलिस ने कंपनी संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। तहसीलदार ने मौके पर जाकर घायलों को पांच-पांच हजार, जबकि मृतकों के परिजनों को 10-10 हजार रुपये फौरी राहत दी है।
पुलिस के अनुसार उद्योग में कामगार लोहा पिघलाने के लिए फरनेस में स्क्रैप डाल रहे थे। अचानक पिघलते स्क्रैप में एक मिट्टी वाला पाइप डलने से फट गया और पिघला हुआ लोहा कामगारों पर गिर गया। इससे नालागढ़ के बसौट गांव के रहने वाले मुख्तयार सिंह (40), बिहार के शिवान जिले की बरहरिया तहसील के कोरीगांव के रंजन (38), चंद्रेश्वर, शंभू, ओमप्रकाश और बिंदलेश बुरी तरह झुलस गए। सभी को नालागढ़ के निजी अस्पताल लाया गया।
यहां से मुख्तयार, रंजन और चंद्रेश्वर की हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पीजीआई पहुंचने पर मुख्तयार और रंजन की मौत हो गई। घायलों में तीन नालागढ़ के अस्पताल और एक पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन है। मौत के बाद मुख्तयार की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, पीजीआई रैफर गंभीर घायल चंद्रेश्वर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि टिमको कंपनी संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।