ऊना, 8 अप्रैल: हिमोत्कर्ष साहित्य संस्कृति एवं जनकल्याण परिषद राज्य इकाई के मुख्य सलाहकार, प्रख्यात लेखक व शिक्षाविद् राणा शमशेर सिंह राणा का दु:खद निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे। उन्हें बीते रोज ही सांस में तकलीफ के चलते क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचार के लिए लाया गया। यहां जिसके बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया।
गुरुवार को भवौर साहिब मोक्ष धाम में अंतिम संस्कार किया गया। यहां पर उनके पुत्र अरविंद राणा ने मुखाग्नि दी। राणा शमशेर सिंह, हिमोत्कर्ष परिषद के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे तथा परिषद के माध्यम से पिछले 46 वर्षो से समाज सेवा के विभिन्न प्रकल्पों में अपना योगदान दे रहे थे। उनके निधन पर हिमोत्कर्ष परिषद राज्य व जिला इकाइयों, हिमोत्कर्ष महिला मंच, अखिल भारतीय हिमाचल सामाजिक संस्था संघ, रोटरी क्लब, इन्नरव्हील क्लब, आश्रय संस्था, राष्ट्रीय एकता मंच, ऊना जनहित मोर्चा, प्रेस क्लब ऊना, गुरू का लंगर सेवा समिति ट्रस्ट, वरिष्ठ नागरिक फोरम, हिप्रे पेंशनर्ज वेलफेयर एसोसिएशन सहित जिला ऊना की विभिन्न संस्थाओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
इसके अलावा केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल, कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, ऊना सदर विस क्षेत्र से विधायक सतपाल रायजादा, मार्किट कमेटी के अध्यक्ष बलबीर बग्गा, जिला परिषद उपाध्यक्ष कृष्णपाल शर्मा, पूर्व कर्मचारी नेता हरिओम भनोट व अन्य ने गहरा दुख प्रकट किया है।