लड़भडोल (मंडी)/लक्की शर्मा : तहसील क्षेत्र के द्रोब गांव में एक व्यक्ति द्वारा गोली चलाने पर गोली के छर्रो से एक व्यक्ति घायल हो गया है। घायल की पहचान रामकृष्ण निवासी द्रोब के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रामकृष्ण बुधवार शाम को रोज़ की तरह सैर कर रहे थे। जब समोड के पास सड़क के ऊपर की तरफ किसी व्यक्ति ने शिकार करने के उद्देश्य से गोली चलाई और गोली के छर्रे रामकृष्ण को आ लगे, जिससे वह घायल हो गए हैं।
पीड़ित द्वारा शोर मचाने पर शिकारी सुनील कुमार बंदूक सहित सामने आया और अनजाने में हुई इस गलती के लिए माफी मांगने लगा। थोड़ी देर बाद घायल का परिवार और परिजन मौके पर पहुंचे व घायल को सिविल अस्पताल उपचार के लिए ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद रामकृष्ण को जोगिन्दर नगर अस्पताल रैफर कर दिया गया है। मामले की पुष्टि हेड कॉन्स्टेबल अनिल कुमार ने की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।