शिमला, 7 अप्रैल : सूबे के चार नगर निगमों धर्मशाला, मंडी, सोलन और पालमपुर में हुए नगर निगम चुनाव के लिए मतदान का समय अपराह्न 4 बजे तक खत्म हो गया है। अब लाइन में खड़े लोग ही अपने मताधिकार का प्रयोग कर पाएंगे। शाम 5 बजे तक कोरोना संक्रमित वोटर अपना वोट डाल रहे हैं। इसके बाद मतगणना शुरू होगी और देर शाम तक चुनावी नतीजे घोषित होंगे।
चारों नगर निगमों के 142 वार्डो में मतदान हुआ है। निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक चारों नगर निगम में 4 बजे तक करीब 53% मतदान हुआ है। पालमपुर में 56%, मंडी में 55%, सोलन में 53 और धर्मशाला में 47% मतदान दर्ज किया गया है। सुबह 10 बजे तक चारों ही शहरों में मतदान की प्रक्रिया कुछ धीमी रही और महज 13 फीसदी वोटिंग हुई। जबकि दोपहर 12 बजे तक 29 फीसदी मतदान रिकार्ड हुआ था। दिन चढ़ने के साथ भी मतदान में तेजी आ गई तथा मतदाता मतदान केंद्रों पर लंबी कतारों में खड़े अपनी बारी का इंतजार करते दिखे।
चारों नगर निगमों में 275 से अधिक उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य में नगर निगम चुनाव पार्टी चिन्हों पर हो रहे हैं। इन चुनावों में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है।