शिमला, 06 अप्रैल : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी सदर के भाजपा विधायक अनिल शर्मा पर हमला बोला है। जयराम ठाकुर ने आज शिमला में कहा कि अनिल शर्मा भाजपा के विधायक हैं। बीते रोज वह मंडी बाजार में वोट मांगते वक्त यह कहते सुने गए कि सोच समझ कर वोट देना। लेकिन मतदाताओं को भी उनकी बात समझ नहीं आ रही थी।
लोकसभा चुनाव में उनके पुत्र ने पहले भाजपा से टिकट मांगा, टिकट न मिलने पर कांग्रेस के पास गए। कांग्रेस से टिकट लेकर चुनाव लड़े तथा मंडी विधान सभा सीट पर अपने ही पोलिंग बूथ में पिछड़ गए।
जयराम ठाकुर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में तो अनिल शर्मा के पुत्र चुनाव मैदान में थे, ऐसे में उनकी बात समझ में आती है। मगर वह भाजपा के विधायक हैं। लिहाजा नगर निगम चुनाव में वोट किसके लिए मांग रहे थे, साफ करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें नहीं मालूम कि अनिल शर्मा किस बात से डरे हुए हैं। भाजपा ने उन्हें डराने जैसी कोई बात नहीं बोली।