मंडी, 6 अप्रैल : बुधवार को नगर निगम मंडी के लिए होने जा रहे मतदान की प्रक्रिया को संपन्न करवाने के लिए 300 कर्मचारी ईवीएम और कोविड सुरक्षा उपकरणों के साथ मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गए हैं। सुबह 8 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और शाम 4 बजे तक मतदान होगा। इसके लिए पूरे नगर निगम क्षेत्र में 38 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।
हर मतदान केंद्र पर 6 कर्मचारी तैनात रहेंगे जिनमें दो सुरक्षा कर्मी शामिल होंगे। इसके अलावा हर मतदान केंद्र पर एक स्वास्थ्य कर्मी भी तैनात रहेगा। 7 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। नगर निगम मंडी में 32938 मतदाता हैं, जिनमें 16745 महिला और 16193 पुरूष मतदाता हैं।
एसडीएम सदर निवेदिता नेगी ने बताया कि सभी पोलिंग पार्टियों को कोविड सुरक्षा उपकरण दिए गए हैं जिसमें हैंड सेनेटाइजर, मास्क, फेस शिल्ड और गल्बज शामिल हैं। अभी तक दो दर्जन से अधिक कोविड पॉजिटिव लोगों ने प्रशासन से संपर्क करके मतदान की इच्छा जाहिर की है और इन सभी को शाम चार बजे के बाद मतदान करने के लिए बुलाया जाएगा।
बता दें कि मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी ईवीएम मशीनों को विपाशा सदन में लाया जाएगा और यहीं पर सभी मतों की गणना करके परिणाम घोषित किए जाएंगे। पूरे क्षेत्र में सिर्फ भ्यूली स्थित विपाशा सदन को ही मतगणना केंद्र बनाया गया है।