शिमला, 31 मार्च : हिमाचल प्रदेश में हजारों अनुबंध कर्मचारियों के नियमित होने का रास्ता साफ हो गया है। इसके तहत ऐसे अनुबंध कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित किया गया है, जिन्होंने 31 मार्च, 2021 को 3 वर्ष की नियमित सेवाएं पूर्ण कर ली हैं।
प्रदेश सरकार के कार्मिक विभाग की तरफ से अनुबंध कर्मचारियों के अलावा पात्र दैनिक वेतन भोगी और कंटीजेंट पेड इम्प्लॉइज को भी नियमित करने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके तहत 31 मार्च, 2021 को 5 वर्ष की सेवाएं पूर्ण करने वाले दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा।
अनुबंध कर्मचारी रिक्त पदों की उपलब्धता तथा वरिष्ठता के आधार पर नियमित किए जाएंगे। इस दौरान कर्मचारियों को मेडिकल फिटनेस के अलावा चरित्र एवं जन्म प्रमाण पत्र जांच भी उपलब्ध करवाना होगा।
इसके अलावा दैनिक भोगियों की नियमितीकरण के लिए पांच साल का सेवाकाल रखा गया है। इनको भी 31 मार्च व 30 सितंबर को चरणबद्ध ढंग से नियमित किया जाएगा। दरअसल राज्य सरकार साल में दो बार कर्मचारियों को नियमित करती है और इसी आदेश में वे कर्मचारी, जिनका अनुबंध काल सितंबर महीने में तीन साल पूरा होगा, वे भी उसी समय से नियमित हो जाएंगे।
वहीं दैनिक भोगी कर्मचारियों के लिए अपने सेवाकाल में 240 दिनों का नियमित सेवाकाल जरूरी रखा गया है, जिसमें जनजातीय क्षेत्रों के लिए छूट रखी गई है। जनजातीय जिला किन्नौर, स्पीति सब डिवीजन तथा भरमौर एरिया में लगे कर्मचारियों को अपने सेवाकाल में 180 दिनों की रेगुलर सेवाएं होनी जरूरी हैं।